[ad_1]
इस साल अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार अमेरिका के तीन शोधकर्ताओं को दिया गया है। बेन एस बर्नानके, डगलस डब्ल्यू डायमंड और फिलिप एच डायबविग को इस साल का अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार दिया जाएगा। समिति की तरफ से कहा गया है कि वित्तीय संकट के दौरान बैंकों की भूमिका, प्रबंधन और समझ के बारे में शोधकार्य के लिए उन्हें यह पुरस्कार दिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक बर्नानके का शोधकार्य जीडीपी में गिरावट के दौरान अर्थव्यवस्था को संभालने में बड़ा योगदान दे सकता है। वहीं डगलस डायमंड और फिलिप डायबविग का थ्योरेटिकल मॉडल यह दिखाता है कि किस तरह से वित्तीय संकट के दौरान अफवाहों को रोकने और अर्थव्यवस्था प्रबंधन में बैंक अपना योगदान दे सकते हैं। डायमंड का शोधकार्य यह भी बताता है कि कैसे एक बैंक समाज में बचतकर्ता और कर्ज लेने वालों के बीच कार्य करता है।
बता दें कि अर्थशास्त्र में नोबेल पुरस्कार जीतने वाले को लगभग नौ लाख अमेरिकी डॉलर का इनाम दिया जाता है। 10 दिसंबर को ये पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। नोबेल के मुताबिक इनकी रिसर्च में बताया गया है कि बैंकों की अहमियत क्या है, बैंकों का नुकसान होने से कैसे वित्तीय संकट जन्म लेता है और इसे संभाला कैसे जा सकता है।
बता दें कि अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार का जिक्र आल्फ्रेड नोबेल की वसीयत में नहीं किया गया था। बाद में स्वीडिश केंद्रीय बैंक ने इसकी शुरुआत की थी। पहली बार 1969 में इस क्षेत्र में पहला नोबेल पुरस्कार दिया गया था। बता दें कि इस साल के नोबेल शांति पुरस्कार का भी ऐलान किया जा चुका है। यह बेलारूस की जेल में बंद एक मानवाधिकार कार्यकर्ता एलेस बियालियात्स्की को दिया जाएगा। इसके अलावा रूसी समूह मेमोरियल और यूक्रेन के संगठन सेंटर फॉर सिविल लिबर्टीज को भी पुरस्कार दिया जाएगा।
[ad_2]
Source link